
बक्सर. जिले के कमरपुर स्थित श्री हनुमत धाम मंदिर में 27 से 29 जुलाई तक तीन दिवसीय गुरुपूर्णिमा महोत्सव एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. इसको लेकर श्री रामचरित मानस सेवा ट्रस्ट एवं समस्त प्रेमी गण की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में हैं. आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और गुरुभक्तों में उत्साह का माहौल है.
ट्रस्ट के मीडिया सहयोगी नीतीश सिंह ने बताया कि महोत्सव के दौरान परम पूज्य साकेतवासी श्री रामचरित दास जी महाराज (श्री महात्मा जी) के दिव्य विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न होगी. तीन दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान, पूजन, पाठ एवं अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
उन्होंने बताया कि गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री महात्मा जी के विग्रह का अनावरण एवं महापूजन महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगा. इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है.

सेवा ट्रस्ट ने जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में भाग लेने और प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है. आयोजन को सफल बनाने के लिए ट्रस्ट के सदस्य एवं स्थानीय श्रद्धालु लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं.




