
बक्सर। शिक्षा व्यवस्था में सुधार, नीट परीक्षा पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को बक्सर के अंबेडकर चौक पर छात्र-छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन सुबह 11 बजे शुरू हुआ, जो दोपहर 1:30 बजे राष्ट्रगान के साथ शांतिपूर्वक समाप्त हुआ। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग उठाई गई।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने कहा कि लगातार सामने आ रही परीक्षा अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली में विश्वास बहाल करने के लिए सरकार को जवाबदेह होना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। अंबेडकर चौक पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर सदर एसडीपीओ गौरव पांडे, सदर एसडीएम अविनाश कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।




