
बक्सर जिले में अग्निशमन विभाग के नेतृत्व में मनाए जा रहे अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को एकेडमिक ग्लोबल स्कूल, बक्सर के प्रांगण में “फायर सेफ्टी अवेयरनेस एवं जन जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देश पर अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी एवं उनकी टीम द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आग से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना तथा आपात स्थिति में त्वरित और सही निर्णय लेने के लिए प्रशिक्षित करना था।
अग्नि सुरक्षा सप्ताह (14 से 20 अप्रैल 2026) के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने निबंध एवं पोस्टर के माध्यम से अग्नि सुरक्षा के महत्व को समझा। साथ ही मॉक ड्रिल के जरिए आग लगने की स्थिति में बचाव के व्यावहारिक तरीके भी सिखाए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत निबंध और पोस्टर लेखन प्रतियोगिता से हुई, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अग्निशमन विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करते हैं।
इसके अलावा अग्निशमन विभाग द्वारा योगेंद्र नाथ इंडियन गैस एजेंसी, बक्सर चीनी मिल एवं राजपुर स्थित एलपीजी गैस एजेंसी में भी अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया, जहां मॉक ड्रिल के माध्यम से लोगों को आग से बचाव के उपाय बताए गए।




