Others

दहिवर-दलसागर रोड पर पुलिस की घेराबंदी, हथियार के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

बक्सर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को लोडेड हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई औद्योगिक क्षेत्र थाना की पुलिस ने रविवार देर रात दहिवर-दलसागर रोड पर की।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दहिवर निवासी रामाश्रय सिंह के पुत्र मनीष सिंह उर्फ करिया सिंह के रूप में हुई है। यह कार्रवाई पुलिस कप्तान शुभम आर्य के निर्देश पर एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।

सोमवार को सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि आरोपी के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और हंटर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

 घेराबंदी कर दबोचा गया हिस्ट्रीशीटर
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध हथियार लेकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने दहिवर स्थित शिव मंदिर के पास घेराबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से आता दिखा। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया।

 अपराध जगत का पुराना खिलाड़ी है मनीष
पुलिस जांच में सामने आया कि मनीष सिंह उर्फ करिया सिंह कोई साधारण अपराधी नहीं, बल्कि इलाके का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ वर्ष 2015 से अब तक हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे कुल 11 गंभीर मामले दर्ज हैं। कई बार जेल जाने के बावजूद उसकी आपराधिक गतिविधियां जारी थीं।

इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह, मनीष कुमार शर्मा, संतोष कुमार दास समेत अन्य सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपी को विधिसम्मत कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!