रेडियंट पब्लिक स्कूल में कक्षा 10वीं के छात्रों का भावुक विदाई समारोह
शुभकामनाओं और नम आंखों के साथ दी गई यादगार विदाई


बक्सर।रेडियंट पब्लिक स्कूल, लाढोपुर दानी कुटिया में मंगलवार को कक्षा दसवीं के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह भावनात्मक रहा, जहां शिक्षक और विद्यार्थी दोनों ही अपने-अपने अनुभव साझा करते नजर आए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जय प्रकाश सिंह उर्फ राजेश सिंह ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल एवं मंगलमय भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज बच्चे केवल विद्यालय से विदा हो रहे हैं, उनकी शिक्षा और जीवन यात्रा आगे और बेहतर दिशा में निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति ईमानदारी और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

प्रधानाचार्य ने कहा कि यह विद्यालय आप सभी का अपना घर है। जब भी आवश्यकता हो, विद्यार्थी यहां आकर मार्गदर्शन और सहयोग प्राप्त कर सकते हैं। स्कूल प्रबंधन हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
वहीं विद्यालय की उप-प्रधानाध्यापिका श्यामली सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी न केवल सफल बनें, बल्कि समाज और जनकल्याण के लिए भी उपयोगी नागरिक बनें।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा नौवीं के छात्र-छात्राओं ने कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विदाई के समय दसवीं के छात्र-छात्राएं विद्यालय में बिताए गए पलों को याद कर भावुक हो उठे। शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक सभी की आंखें नम हो गईं। पूरे विद्यालय परिसर में भाव-विभोर वातावरण देखने को मिला।



