बक्सर में महिला जवानों को मिला नया तोहफा नर्बदा देवी की 100वीं जयंती पर समर्पित भव्य पुलिस बैरक का उद्घाटन

बक्सर: बक्सर के बाजार समिति परिसर स्थित बिहार राज्य गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय में रविवार को महिला जवानों के लिए नवनिर्मित पुलिस बैरक का भव्य उद्घाटन किया गया। यह बैरक स्व. मातृशक्ति नर्बदा देवी की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में समर्पित की गई है।
उद्घाटन समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय तथा गृह रक्षा वाहिनी के कमांडेंट विनोद कुमार यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर बैरक का उद्घाटन किया। इस दौरान कार्यक्रम गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ।
बैरक का निर्माण समाजसेवी एवं नया बाजार स्थित पैथोलैब के प्रोपराइटर डॉ. हनुमान प्रसाद अग्रवाल के नेतृत्व में कराया गया है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपनी माता स्व. नर्बदा देवी को भावुक शब्दों में याद करते हुए कहा कि उनकी 100वीं जयंती को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से इस बैरक का निर्माण कराया गया है, ताकि महिला पुलिस कर्मियों को बेहतर सुविधा मिल सके और समाज को एक स्थायी योगदान दिया जा सके।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि इससे पूर्व भी वे शहर में पुलिस कर्मियों के लिए तीन बैरकों का निर्माण करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल उनके परिवार की समाज सेवा के प्रति समर्पण को दर्शाती है।
कार्यक्रम में अवकाश प्राप्त पुलिस पदाधिकारी अंगद सिंह, अनुराग पांडेय, डॉ. श्रवण तिवारी, सुरेश संगम, संतोष गोभील, रुचि, डोलसी, अभिषेक बंसल, गोपाल अग्रवाल, डॉ. देवकरण प्रसाद, डॉ. श्वेत प्रकाश, अमरनाथ प्रसाद, मंगतू अग्रवाल, मुरारी लोहिया, सुभाष गोयल, अशोक प्रजापति, राजेश वर्मा, सुधा अग्रवाल, सुनील कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल मातृशक्ति के सम्मान को नई ऊंचाई देने वाला रहा, बल्कि समाज में सेवा, समर्पण और जनकल्याण की प्रेरणा भी देता है।




