
बक्सर। सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब बक्सर द्वारा मंगलवार को ज्योति प्रकाश चौक पर “यातायात संदेश एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया तथा हेलमेट के महत्व की जानकारी दी गई।
रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हेलमेट का उपयोग जीवन रक्षा का सबसे सरल एवं प्रभावी उपाय है। अभियान के दौरान बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को हेलमेट प्रदान कर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया।
वहीं, हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे लोगों को गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा यातायात नियमों के प्रति उनकी जागरूकता की सराहना की गई। रोटरी क्लब की इस अनूठी पहल को लोगों ने काफी सराहा।

कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम, सचिव एस.एम. साहिल, पी.पी. राजेश केशरी, पी.पी. मनीष पांडेय, पूर्व निदेशक दीपक अग्रवाल, प्रेसिडेंट इलेक्ट निर्मल कुमार सिंह, रोटेरियन प्रभुनाथ जी, रोटेरियन रामाशंकर जी, समाजसेवी ओम जी, रोटरैक्ट सदस्य राहुल कुमार, मनीष कुमार सहित अनेक रोटेरियन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
अंत में डॉ. दिलशाद आलम ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों, नागरिकों तथा मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




