Others

कैम्ब्रिज प्रीमियर लीग में टैगोर हाउस का जलवा, फाइनल में तानसेन हाउस को हराकर बना चैंपियन

बक्सर कैम्ब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बक्सर के खेल मैदान में आयोजित कैम्ब्रिज प्रीमियर लीग (CPL) क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन हुआ. अंतर-हाउस प्रतियोगिता में गांधी, रमन, टैगोर, तानसेन एवं विश्वामित्र हाउस की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. रोमांचक मुकाबलों के बाद टैगोर हाउस की टीम ने फाइनल में तानसेन हाउस को 16 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया.

टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए मुकाबले में विश्वामित्र हाउस ने गांधी हाउस के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए छह ओवरों में पांच विकेट पर 43 रन बनाए. राधाकृष्ण ने 25 रनों की तूफानी पारी खेली. लक्ष्य का पीछा करने उतरी गांधी हाउस की टीम जीत हासिल नहीं कर सकी. दूसरे मैच में रमन हाउस ने छह ओवरों में 64 रन बनाए. रिषभ ने 37 रनों का योगदान दिया. जवाब में टैगोर हाउस ने 67 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया. आदित्य ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अकेले 50 रन बनाए. बेहतरीन प्रदर्शन के लिए राधाकृष्ण एवं आदित्य को मैन ऑफ द मैच चुना गया.

दूसरे दिन सेमीफाइनल मुकाबला विश्वामित्र हाउस एवं तानसेन हाउस के बीच खेला गया. विश्वामित्र हाउस की टीम छह ओवरों में 28 रन ही बना सकी. जवाब में तानसेन हाउस ने एक गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया. इस मुकाबले में आंशिक को मैन ऑफ द मैच के लिए नामित किया गया.

फाइनल मुकाबला टैगोर हाउस एवं तानसेन हाउस के बीच हुआ. टॉस जीतकर तानसेन हाउस ने गेंदबाजी चुनी. पहले बल्लेबाजी करते हुए टैगोर हाउस ने छह ओवरों में तीन विकेट पर 63 रन बनाए. आदित्य ने 38 रनों की शानदार पारी खेली. लक्ष्य का पीछा करने उतरी तानसेन हाउस की टीम 47 रनों पर सिमट गई. इस तरह टैगोर हाउस ने 16 रनों से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. फाइनल में मैन ऑफ द मैच आंशिक को चुना गया. वहीं, मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार टैगोर हाउस के आदित्य को मिला, जबकि सर्वश्रेष्ठ फील्डर के रूप में सिद्धांत को सम्मानित किया गया.

पुरस्कार वितरण समारोह में विद्यालय निदेशक डॉ. मोहन चौबे, एक्जीक्यूटिव प्राचार्य बी. एस. राव, प्राचार्य एम. के. चौबे, उप-प्राचार्य के. के. ओझा एवं धर्मवीर दुबे ने विजेता एवं प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया.

टूर्नामेंट में रविकांत राय एवं विकास कुमार चौबे ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि संतोष कुमार ओझा मैच रेफरी रहे. अनुराग श्रीवास्तव ने जोशीली कमेंट्री से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और शशि कांत ओझा ने स्कोरर टेबल की जिम्मेदारी संभाली. आयोजन समिति के अश्विनी शर्मा एवं निखिल कुमार के सक्रिय योगदान से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!