बक्सर विधायक आनंद मिश्र ने पेश किया पहले वर्ष का लेखा-जोखा, वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन का विमोचन
कमल सेवा केंद्र में प्रेस वार्ता के दौरान जारी की गई पुस्तिका, ई-बुक भी वेबसाइट पर उपलब्ध

बक्सर। जनप्रतिनिधित्व में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने की पहल के तहत बक्सर विधायक आनंद मिश्र ने अपने विधायक कार्यकाल के प्रथम वर्ष का लेखा-जोखा जनता के समक्ष प्रस्तुत किया। शुक्रवार को बक्सर स्थित विधायक कार्यालय ‘कमल सेवा केंद्र’ में एनडीए के सभी जिलाध्यक्षों की उपस्थिति में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान ‘वार्षिक प्रगति प्रतिवेदन 2025–26’ पुस्तिका का विमोचन किया गया।
प्रतिवेदन में बीते एक वर्ष के दौरान बक्सर के विकास के लिए किए गए प्रयासों, जनहित से जुड़ी पहलों, क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए की गई कार्रवाई और प्रमुख उपलब्धियों का विस्तृत विवरण संकलित किया गया है। विधायक ने इस पहल को जनता के प्रति जवाबदेही और कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल दायित्वों का निर्वहन करना नहीं, बल्कि अपने कार्यों का विवरण जनता के सामने रखना भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनभागीदारी के सिद्धांतों से प्रेरित होकर यह प्रतिवेदन तैयार किया गया है, ताकि जनता अपने जनप्रतिनिधि के कार्यों का आकलन कर सके।

प्रतिवेदन को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इसका ई-बुक संस्करण भी जारी किया गया है। इसे विधायक की आधिकारिक वेबसाइट www.anandmishra.org पर पढ़ा जा सकता है।
इस अवसर पर विधायक आनंद मिश्र ने आमजन से प्रतिवेदन का अवलोकन करने और अपने सुझाव एवं फीडबैक साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता के विचार और सुझाव विकास कार्यों की समीक्षा करने तथा बक्सर के समग्र विकास के लिए आगामी प्राथमिकताएं तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।




