
बक्सर. नया बाजार स्थित डॉ. केके मंडल महिला महाविद्यालय में मंगलवार को नूतन छात्रा अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में नए सत्र में नामांकित इंटरमीडिएट, बीए व बीएससी की छात्राओं का सीनियर छात्राओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान नवप्रवेशी छात्राओं को फूल-मालाएं पहनाकर महाविद्यालय परिवार में उनका अभिनंदन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना विकसित करना था.
समारोह की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य अनिल कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन प्रो. रामाधार सिंह ने किया. कार्यक्रम की शुरुआत सीनियर छात्राओं के स्वागत गान से हुई. इसके बाद सीनियर छात्राओं ने नवप्रवेशी छात्राओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया. वहीं, जूनियर छात्राओं ने भी सीनियर छात्राओं का अभिनंदन किया. इससे समारोह में आपसी सम्मान और अपनत्व का माहौल बना रहा.
नियमित उपस्थिति से बेहतर होगा शैक्षणिक प्रदर्शन

समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी प्राचार्य अनिल कुमार सिंह ने छात्राओं और अभिभावकों से नियमित रूप से महाविद्यालय आने की अपील की. उन्होंने कहा कि बेहतर शैक्षणिक भविष्य के लिए कक्षाओं में नियमित उपस्थिति जरूरी है. सरकार व विश्वविद्यालय के निर्धारित मानकों के अनुरूप छात्राओं की कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए. इससे भविष्य में छात्राओं को शैक्षणिक स्तर पर किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
उन्होंने अभिभावकों से अपनी बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने और उन्हें नियमित रूप से महाविद्यालय भेजने का आग्रह किया. कहा कि महाविद्यालय की बस अथवा उपलब्ध परिवहन व्यवस्था का उपयोग कर छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने में अभिभावक सहयोग करें. उन्होंने छात्राओं से अनुशासन में रहकर पढ़ाई करने तथा शिक्षकों के मार्गदर्शन का लाभ उठाने की अपील की.
प्रभारी प्राचार्य ने कहा कि मेहनत, लगन और नियमित अध्ययन के बल पर छात्राएं जिला ही नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय स्तर पर भी बेहतर परीक्षा परिणाम हासिल कर सकती हैं. उन्होंने उम्मीद जतायी कि छात्राएं अपनी उपलब्धियों से महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगी.
शैक्षणिक परंपराओं से कराया परिचित
समारोह के माध्यम से नवप्रवेशी छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं, अनुशासन और नियमित अध्ययन के महत्व की जानकारी दी गयी. वक्ताओं ने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ अनुशासन और नियमितता भी जरूरी है. कार्यक्रम ने सीनियर-जूनियर छात्राओं के बीच बेहतर समन्वय और सौहार्द का संदेश भी दिया.
इस अवसर पर प्रो. परमहंस सिंह, प्रो. धीरेंद्र कुमार, सुरेंद्र प्रसाद, मनोरमा, सोमेश्वर, रामनाथ सिंह, पंकज कुमार, इंद्रमणि लाल समेत शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मी मौजूद थे. सीनियर छात्राओं में नंदनी कुमारी वर्मा, साक्षी कुमारी, दिव्या कुमारी, साक्षी सिंह, पुतुल कुमारी, अनुश्रेया पाठक, संगम कुमारी व कंचन कुमारी शामिल थीं. वहीं नवप्रवेशी छात्राओं में रेणु कुमारी, प्रीति कुमारी, सुषमा कुमारी, लक्ष्मीना कुमारी, सीटू कुमारी, नेहा कुमारी, प्रीति कुमारी समेत अन्य छात्राएं मौजूद रहीं.



