
बक्सर. जिला कांग्रेस कमिटी, बक्सर की ओर से सोमवार को जिला कांग्रेस कार्याल में प्रेस वार्ता एवं महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने की. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सह बक्सर प्रभारी विश्वारंजन मोहन्ति की मौजूदगी में आगामी एक नवंबर को नयी दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की रैली की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी.
बैठक में बक्सर जिले से कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा दिल्ली प्रस्थान की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ. जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया का निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय होना जरूरी है. प्रस्तावित रैली के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) और कथित वोट चोरी से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जायेगा.
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाये रखना कांग्रेस की प्राथमिकता है. रैली को सफल बनाने के लिए जिले के कांग्रेस नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर दिल्ली पहुंचने और लोकतंत्र व जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की.

संगठन की सक्रियता पर जोर
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सह बक्सर प्रभारी विश्वारंजन मोहन्ति ने संगठन की सक्रियता, आपसी समन्वय और आगामी रैली की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. बैठक में नेताओं ने दिल्ली में प्रस्तावित कार्यक्रम में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और संगठनात्मक स्तर पर तैयारियों में तेजी लाने पर जोर दिया.
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कामेश्वर पांडे, उमाशंकर पांडे, राजारमन पांडे, प्रखंड अध्यक्ष राजा तिवारी, महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला देवी सहित जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
प्रेस वार्ता के माध्यम से मीडिया प्रतिनिधियों को आगामी रैली की तैयारियों और पार्टी की रणनीति की जानकारी दी गयी. जिला कांग्रेस कमिटी ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के अपने संकल्प को दोहराया.



