
बक्सर. नगर पंचायत चौसा कार्यालय में सोमवार को सशक्त स्थायी समिति की बैठक मुख्य पार्षद श्रीमती किरण देवी की अध्यक्षता में हुई. बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी श्रीमती रानी कुमारी ने किया. बैठक में नगर पंचायत क्षेत्र के विकास और आगामी महापर्व छठ को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये.
मुख्य पार्षद किरण देवी ने बताया कि आगामी 28 अक्तूबर को बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह द्वारा ऑपरेशन सिंदूर में वीरगति प्राप्त शहीद हवलदार सुनील सिंह यादव के नाम पर बनने वाले गेट का शिलान्यास किया जायेगा. गेट का निर्माण नगर पंचायत चौसा की ओर से कराया जायेगा.
छठ घाटों पर रहेगी विशेष व्यवस्था

बैठक में महापर्व छठ को लेकर घाटों की साफ-सफाई, चेंजिंग रूम, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग समेत श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गयी. छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा कराने पर जोर दिया गया.
डोर-टू-डोर कचरा उठाव के लिए निकलेगी निविदा
कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा उठाव के लिए निविदा प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया है. इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में अति महत्वपूर्ण योजनाओं का विभागीय स्तर पर क्रियान्वयन कराने पर भी चर्चा हुई. बैठक में चौसा यादव मोड़ के विकास को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया.
बैठक में उपमुख्य पार्षद श्रीमती सरिता देवी, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य हृदय नारायण सिंह व छोटेलाल चौधरी, सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी मोहम्मद अरशद हैदर नकवी तथा प्रभारी प्रधान सहायक सत्य प्रकाश उपस्थित थे.



