Crime
बक्सर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सास-बहू की मौत

बक्सर: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज के समीप शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में सास-बहू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार इठाड़ी थाना क्षेत्र के जलवाली गांव निवासी भागवत पासवान के पुत्र मदन पासवान अपनी मां रेशमी देवी और भाभी प्रियंका देवी के साथ बाइक से बक्सर से अपने गांव लौट रहे थे। उनके साथ प्रियंका देवी की एक वर्ष की पुत्री अनन्या भी थी।
बताया जाता है कि लालगंज के समीप मदन पासवान सड़क किनारे बाइक खड़ी कर किसी से बात कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मदन पासवान सड़क किनारे गिर गए, जबकि ट्रक बाइक पर चढ़ गई। इस हादसे में रेशमी देवी और प्रियंका देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक वर्ष की बच्ची अनन्या को हल्की चोट आई है।
घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा, लेकिन मुफस्सिल थाना की पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर आगजनी कर मार्ग को जाम कर दिया। लोग ट्रक चालक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। इस दौरान इठाड़ी मार्ग करीब चार घंटे तक जाम रहा।
सूचना मिलने पर एसडीएम अभिनव कुमार, एसडीपीओ गौरव पांडेय, मुफस्सिल थाना तथा इठाड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटी रही।




