
बक्सर। जनसुराज पार्टी के जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की वृद्धि को आम जनता पर सीधा हमला बताया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने एक बार फिर आम लोगों की थाली पर डाका डालने का काम किया है और देशवासियों को महंगाई का बड़ा झटका दिया है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम भी बढ़ाए जा चुके हैं। ऐसे समय में जब होटल, ढाबे, मिठाई की दुकानें और छोटे कारोबारी आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, सरकार के इस फैसले ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि कॉमर्शियल सिलेंडर महंगा होने का सीधा असर खाद्य पदार्थों की कीमतों पर पड़ेगा, जिससे अंततः आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ेगा।

बजरंगी मिश्रा ने कहा कि उज्ज्वला योजना के नाम पर वाहवाही लूटने वाली सरकार गरीबों की रसोई को सस्ता करने के बजाय और महंगा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां बड़े कॉरपोरेट घरानों के हितों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं, जबकि आम आदमी लगातार महंगाई की मार झेल रहा है।
उन्होंने कहा कि हवाई ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में वृद्धि से हवाई यात्रा महंगी होती है, वहीं गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से ठेला लगाने वाले, छोटे दुकानदार, होटल संचालक और आम परिवार प्रभावित होते हैं।
जनसुराज पार्टी के जिला अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की इस नीति की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यदि गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए गए तो जनसुराज पार्टी बिहार से लेकर दिल्ली तक चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता चूल्हा-चौका आंदोलन के माध्यम से सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।




