जिला प्रशासन ने मतदान जागरूकता अभियान के तहत आयोजित किया संगीतमय नुक्कड़ नाटक


बक्सर, विधानसभा आम चुनाव 2025 में अधिक से अधिक लोग अपने मत का प्रयोग करें, इसे लेकर जिला प्रशासन ने जिलेभर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इसी क्रम में रविवार को शहर के अंबेडकर चौक, ज्योति प्रकाश चौक और रेलवे स्टेशन परिसर में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए संगीतमय नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
मोनालिसा प्रशिक्षण कल्याण केंद्र की ओर से चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान के तहत कलाकारों ने गीत-संगीत और नाटकीय प्रस्तुति के माध्यम से मतदान का महत्व समझाया। मोनालिसा प्रशिक्षण कल्याण केन्द्र के विनोद कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान 10 अक्टूबर से शुरू होकर 22 अक्टूबर तक चलेगा।
नुक्कड़ नाटक में शामिल महिला और पुरुष कलाकारों ने “पहले मतदान, फिर जलपान” का संदेश देते हुए लोगों को एक वोट की ताकत का अहसास कराया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का वोट सरकार चुनने और लोकतंत्र को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है।
कलाकार शिम्पी पंडित, ज्योति कुमारी, सनोज राजा, कुमार शालू, अली मुहम्मद शेर, गुड्डु राय और श्याम सुंदर ने अपने गीतों और नाटक से लोगों का मनोरंजन करते हुए उन्हें स्वयं मतदान करने और अपने परिवार एवं पड़ोसियों को भी वोट देने के लिए प्रेरित किया। नाटक में दर्शाया गया कि कैसे ज्योति कुमारी अपने पति और परिवार के सदस्यों को वोट देने के लिए प्रेरित करती हैं।
इस कार्यक्रम ने मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी का संदेश भी दिया



