किला मैदान से लेकर लाइट एंड साउंड तक DM साहिला का सख्त निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने व नो-व्हीकल ज़ोन के निर्देश

बक्सर। जिला पदाधिकारी बक्सर साहिला द्वारा किला मैदान बक्सर, पुराना बस स्टैंड एवं लाइट एंड साउंड स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर विकास एवं यातायात व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अतिथि गृह जाने वाले पथ को नो व्हीकल जोन घोषित करने हेतु बोर्ड लगाने एवं इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर को दिया। वहीं मॉडल थाना से तड़का नाला तक सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण कर दुकानों के संचालन एवं अनधिकृत पार्किंग के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने रामरेखा घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं व आम लोगों के लिए 15 दिनों के भीतर पार्किंग स्थल विकसित करने का निर्देश दिया।
लाइट एंड साउंड स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत, पर्याप्त साफ-सफाई, पथ किनारे सघन वृक्षारोपण कराने तथा लाइट एंड साउंड परियोजना का कार्य शीघ्र पूर्ण कर उसके संचालन एवं रख-रखाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।
किला मैदान में मंच के जीर्णोद्धार, पेवर ब्लॉक कार्य, तथा पुराना बस स्टैंड से रामलीला मंच की ओर जाने वाले पथ के किनारे स्थित दीवारों की पेंटिंग एवं जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश नगर परिषद को दिया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा जवाहर मध्य विद्यालय का भी भ्रमण किया गया। विद्यालय की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक से कारण-पृच्छा करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर, विशेष कार्य पदाधिकारी बक्सर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी बक्सर, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।




