Others

बक्सर में 24 घंटे से सड़क पर गिरा पेड़ और बिजली का खंभा, 100 घरों की बिजली ठप, लोग बेहाल

बक्सर। शहर के पुराना सदर अस्पताल रोड स्थित गर्ल हाई स्कूल के समीप शुक्रवार दोपहर आई तेज आंधी के बाद से हालात बदहाल बने हुए हैं। तेज हवा के कारण बिजली के तार पर एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे बिजली का खंभा, तार और पेड़ मुख्य सड़क पर ही धराशायी हो गए। घटना के करीब 24 घंटे बीत जाने के बावजूद अब तक न तो सड़क से अवरोध हटाया गया है और न ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार को करीब दो बजे अचानक तेज आंधी आई थी। इसी दौरान पेड़ बिजली के तार पर गिर पड़ा और पूरा खंभा सड़क पर आ गिरा। इसके बाद से इलाके में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। मोहल्लेवासियों के अनुसार करीब 100 घरों में बिजली नहीं है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली नहीं रहने के कारण पेयजल संकट भी गहरा गया है। लोगों ने बताया कि मोटर नहीं चल पाने से पानी की भारी समस्या उत्पन्न हो गई है। वहीं रातभर लोग गर्मी और उमस में परेशान रहे। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है तथा स्कूल और ड्यूटी जाने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सड़क पर पेड़ और बिजली का खंभा गिरने से आवागमन भी पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोग अपने वाहन दूसरे रास्तों से घुमाकर ले जाने को मजबूर हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्होंने सदर विधायक से लेकर बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों तक कई बार फोन कर शिकायत की है। साथ ही मौके का वीडियो बनाकर भी भेजा गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।

मोहल्ले के लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से जल्द सड़क साफ कराने तथा बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!