बक्सर सदर सीओ राहुल कुमार निलंबित, कई गंभीर आरोपों पर गिरी गाज
समृद्धि यात्रा में व्यवधान, राजस्व वसूली में भारी कमी और कोर्ट आदेश की अवहेलना बना कारण

बक्सर: राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बक्सर के सदर अंचलाधिकारी (सीओ) राहुल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभाग द्वारा जारी आदेश (संख्या 15/ आरोप-02-47/2026) में उनके खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
बताया गया है कि राहुल कुमार द्वारा मुख्यमंत्री की “समृद्धि यात्रा” में व्यवधान उत्पन्न किया गया। इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री सह विभागीय मंत्री के भूमि सुधार जन कल्याण संवाद कार्यक्रम में भाग नहीं लेकर सरकारी कार्यक्रमों का अनादर किया गया।
विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, राजस्व वसूली के निर्धारित लक्ष्य 134.27 लाख रुपये के मुकाबले मात्र 34.4 लाख रुपये की ही वसूली की गई, जिससे राज्य के वित्तीय प्रबंधन पर प्रतिकूल असर पड़ा।
इसके अलावा, उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की गई और न्यायालय के निर्देशों की अवहेलना की गई। इतना ही नहीं, भारत की आगामी जनगणना 2027 जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में भी लापरवाही और बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया गया है।
इन सभी आरोपों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने राहुल कुमार को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय आयुक्त कार्यालय, पूर्णिया प्रमंडल निर्धारित किया गया है।




