ट्विनिंग प्रोग्राम के तहत नेहरू स्कूल के छात्र-छात्राओं का एमपी हाई स्कूल भ्रमण, हुआ जोरदार स्वागत


बक्सर।ट्विनिंग प्रोग्राम के अंतर्गत नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय, बक्सर के छात्र-छात्राओं ने एमपी उच्च विद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर एमपी उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार ने नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।

अतिथि छात्र-छात्राओं के स्वागत हेतु एमपी उच्च विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे विद्यालय में एक खुशनुमा और प्रेरणादायक वातावरण देखने को मिला। एमपी उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पुष्प वर्षा कर नेहरू विद्यालय से आए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का अभिनंदन किया।

भ्रमण के दौरान नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एमपी उच्च विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, कक्षाओं, खेल मैदान, उद्यान एवं अन्य गतिविधियों का अवलोकन किया। प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार द्वारा नेहरू स्मारक उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक को बुके भेंट कर सम्मानित किया गया।

इसके बाद छात्र-छात्राओं को विद्यालय स्थित अटल टिंकरिंग लैब का भी भ्रमण कराया गया, जहां आधुनिक तकनीक एवं नवाचार से जुड़ी गतिविधियों को देखकर अतिथि छात्र-छात्राएं काफी प्रभावित और उत्साहित नजर आए। पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली।
विद्यालय प्रशासन की ओर से सभी शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के लिए जलपान की समुचित व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर शिक्षक अनूप कुमार, पुरुषोत्तम पांडेय, अशोक कुमार, विनोद कुमार चौबे, रूबी कुमारी, रोशनी सिंह, अनु सिंह, अनिता कुमारी, मधु सिंह, बैकुंठ कुमार सिंह, शैल कुमारी, संगीता तिवारी, प्रियंका चौबे, अस्मिता कुमारी समेत अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।



