
बक्सर। आगामी मोहर्रम और श्रावणी मेला को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को बक्सर अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) की अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर, जिले के विभिन्न थाना अध्यक्ष तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि आगामी पर्वों के दौरान डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही पटाखों के इस्तेमाल पर भी रोक लगाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने नगर परिषद बक्सर को समय रहते शहर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने, नालों की उड़ाही कराने तथा खुले नालों को ढकने का कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग, बक्सर को मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूस को ध्यान में रखते हुए सभी विद्युत तारों की जांच करने तथा लटकते हुए तारों को तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में यह भी बताया गया कि नशा करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। थाना अध्यक्ष बक्सर को निर्देश दिया गया कि पर्व के दौरान यदि कोई व्यक्ति शराब के नशे में या सार्वजनिक शांति भंग करते हुए पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
शांति समिति के सदस्यों की मांग पर प्रशासन ने आश्वासन दिया कि ताजिया जुलूस मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। साथ ही सभी मंदिरों एवं मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
बैठक में सभी थाना अध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि मोहर्रम से पूर्व निकलने वाले सभी ताजिया जुलूसों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस के किसी भी ताजिया जुलूस को अनुमति नहीं दी जाएगी।
एसडीओ ने बताया कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
प्रशासन ने आम लोगों से पर्वों को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।




