Others

सांसद खेल महोत्सव का भव्य समापन, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित

बक्सर उत्तिष्ठ भारत संस्था की ओर से स्थानीय एमपी हाई स्कूल के खेल मैदान में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का समापन गुरुवार देर शाम पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हो गया। दो दिवसीय महोत्सव में जिले के विभिन्न विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

महोत्सव के प्रथम दिन दौड़, गोला फेंक, लंबी कूद और ऊंची कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 150 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। वहीं दूसरे दिन खो-खो और कबड्डी प्रतियोगिताओं में करीब 250 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कबड्डी प्रतियोगिता में सिमरी की टीम विजेता बनी। प्रतियोगिता में बेस्ट रेडर का खिताब सिमरी की श्रेया और बेस्ट क्रैचर का पुरस्कार चौसा की प्रतिमा को दिया गया। बालक वर्ग में कांट की टीम विजेता और बक्सर की टीम उपविजेता रही, जबकि बेस्ट रेडर प्रियांशु और बेस्ट क्रैचर मोनू रहे।

खो-खो प्रतियोगिता में एमपी हाई स्कूल की टीम ने खेलो इंडिया बक्सर को हराकर खिताब अपने नाम किया, जिसमें बेस्ट चेजर ऋषु और बेस्ट रनर का पुरस्कार गुलशाद को मिला। बालिका वर्ग में खेलो इंडिया की टीम ने मेथोडिस्ट स्कूल को पराजित किया, जहां मेथोडिस्ट की मोही कुमारी को बेस्ट चेजर और खेलो इंडिया की आशा को बेस्ट रनर चुना गया।

एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर, 200 मीटर, 300 मीटर, 800 मीटर और 1500 मीटर दौड़ के साथ-साथ लंबी कूद, ऊंची कूद और गोला फेंक प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर सम्मान अर्जित किया।

समापन समारोह में खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विजेता व उपविजेता छात्र-छात्राओं को उत्तिष्ठ भारत संस्थान के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पांडेय, एमपी हाई स्कूल के प्रधानाचार्य अरविंद यादव एवं अन्य अतिथियों द्वारा मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर तकनीकी पदाधिकारी अशोक कुमार, सुनील सिंह, कमल किशोर राय, राकेश रंजन सहित खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। महोत्सव का समापन उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!