
बक्सर। रेल नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बेटिकट यात्रा समेत विभिन्न मामलों में कुल 87 लोगों को पकड़ा गया। बाद में स्टेशन परिसर में लगाए गए मजिस्ट्रेट कैंप कोर्ट के माध्यम से उनसे कुल 53,800 रुपये जुर्माना वसूला गया।
आरपीएफ द्वारा चलाए गए इस अभियान के दौरान महिला एवं दिव्यांग कोच में अवैध रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों की विशेष जांच की गई। इसके अलावा ट्रैक पार करने वाले ट्रेसपासर, नो पार्किंग जोन में खड़े वाहन चालक, चेन पुलिंग करने वाले, बिना टिकट अवैध वेंडिंग करने वाले तथा एसी कोच में अनधिकृत रूप से यात्रा करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत स्टेशन परिसर और ट्रेनों की सघन जांच की गई। महिला कोच में यात्रा कर रहे पुरुष यात्रियों तथा दिव्यांग कोच में बिना वैध कारण सफर करने वालों पर सबसे अधिक कार्रवाई की गई। वहीं, फुटओवर ब्रिज का उपयोग करने के बजाय ट्रैक पार करने वाले यात्रियों को भी पकड़कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों को हटवाने के साथ ही उनके चालकों पर भी जुर्माना लगाया गया।

आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा तथा रेल परिचालन को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने यात्रियों से रेल नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की।




