
बक्सर चौसा नगर पंचायत ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करीब 79.44 करोड़ रुपये का महत्वाकांक्षी बजट पारित किया है। इस बजट में शहर के समग्र विकास को केंद्र में रखते हुए बुनियादी ढांचे, नागरिक सुविधाओं और सामाजिक योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया है।
बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष किरण देवी ने की, जबकि संचालन कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) रानी कुमारी द्वारा किया गया। इस दौरान पूर्व वित्तीय वर्षों 2024-25 और 2025-26 (दिसंबर तक) के आय-व्यय की समीक्षा करते हुए आगामी वर्ष के संसाधनों का आकलन प्रस्तुत किया गया।
बजट के अनुसार प्रारंभिक शेष राशि लगभग 6.40 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जबकि आंतरिक राजस्व एवं केंद्र-राज्य अनुदान को मिलाकर कुल आय 81.14 करोड़ रुपये आंकी गई है।
नगर के विकास कार्यों को गति देने के लिए 49.39 करोड़ रुपये पूंजीगत मद में खर्च किए जाएंगे। वहीं 30.05 करोड़ रुपये स्थापना एवं अन्य राजस्व व्यय के लिए प्रस्तावित हैं।
बजट में मार्केट कॉम्प्लेक्स, सामुदायिक भवन, सामुदायिक शौचालय, बस स्टैंड, रैन बसेरा, पुस्तकालय, सड़क व पुल निर्माण, ओल्ड एज होम, पिंक टॉयलेट और अशोक सम्राट भवन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को शामिल किया गया है।
इसके अलावा छठ महापर्व और दीपावली जैसे आयोजनों की व्यवस्था, शहर की स्वच्छता और प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को भी प्राथमिकता दी गई है।
बजट के अंत में लगभग 8.10 करोड़ रुपये शेष रहने का अनुमान है, जिससे भविष्य की योजनाओं को मजबूती मिलेगी।
बैठक में सांसद एवं विधायक प्रतिनिधियों, उप चेयरमैन, वार्ड पार्षदों और नगर कर्मियों की उपस्थिति रही।




