बक्सर इंडस्ट्रियल एरिया का दौरा: विधायक आनंद मिश्र ने उद्यमियों से की मुलाकात, उद्योग विकास को दी प्राथमिकता


बक्सर : सदर विधायक श्री आनंद मिश्र ने बुधवार को बक्सर इंडस्ट्री एरिया का दौरा करते हुए स्थानीय उद्यमियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को नजदीक से समझा। इस दौरान उन्होंने उत्पादन, आधारभूत सुविधाएँ, उद्योग विस्तार व प्रशासनिक सहयोग से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
विधायक ने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि उनकी हर समस्या के समाधान के लिए सरकार द्वारा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा—
“बक्सर को औद्योगिक रूप से सशक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है। उद्योगों को बढ़ावा देकर ही रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।”
निरीक्षण के क्रम में विधायक आनंद मिश्र ने इंडस्ट्री एरिया की सुरक्षा, साफ–सफाई, सड़क, रोशनी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके बाद वे BIDC (बिहार औद्योगिक विकास निगम) एवं बक्सर उद्योग विभाग के कार्यालय पहुँचे। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि उद्योगों से संबंधित कार्यों में अनावश्यक देरी ना की जाए, और उद्यमियों को सुविधाएँ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएँ।
विधायक ने जोर देते हुए कहा कि—
“बक्सर में उद्योगों के विकास से युवाओं को रोजगार मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। इसलिए इंडस्ट्री एरिया के विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार सुधार कार्य जारी रहेगा।”
विधायक के इस निरीक्षण एवं संवाद से उद्यमियों में नए उत्साह का संचार देखा गया है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही बक्सर औद्योगिक प्रगति की दिशा में बड़ा कदम उठाएगा।



