जिला स्तरीय युवा उत्सव में एमपी उच्च विद्यालय की छात्राओं का जलवा, राज्य स्तर के लिए चयन


बक्सर। जिले के एमपी उच्च विद्यालय की छात्राओं ने जिला स्तरीय युवा उत्सव 2025 में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय सहित पूरे जिले का मान बढ़ाया है। दो विधाओं में प्रथम स्थान हासिल कर चयनित छात्राएं अब राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बक्सर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस उपलब्धि से उत्साहित विद्यालय प्रबंधन ने गुरुवार को प्रार्थना/चेतना सत्र के दौरान विजेता छात्राओं को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया तथा अन्य विद्यार्थियों को भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय (GEC) में 2 एवं 3 दिसंबर को आयोजित कार्यक्रम में एमपी उच्च विद्यालय की छात्राओं ने विज्ञान प्रदर्शनी और समूह लोक नृत्य में प्रथम स्थान पाया।
विज्ञान प्रदर्शनी में बबली कुमारी को ‘बीडीडी स्टिक’ मॉडल प्रस्तुत करने के लिए प्रथम पुरस्कार मिला, जो दिव्यांगजनों को सहायता प्रदान कर सुरक्षा सुनिश्चित करने में मददगार है।
वहीं सुभद्रा कुमारी, शिवानी कुमारी और जूही कुमारी ने समूह लोक नृत्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य अरविंद कुमार ने छात्राओं की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि शिक्षकों एवं छात्राओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने विशेष रूप से शिक्षकों — रजनीश पाठक, अनूप कुमार, तमन्ना परवीन और सुमन कुमार — के योगदान की सराहना की।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय के शिक्षक पुरुषोत्तम पांडेय, पवन यादव, गोविंद कुमार, नूजहत फातिमा, एवं अन्य शिक्षकों की उपस्थिति रही।



