Others

यूपीएससी ईएसई में शाश्वत प्रताप की शानदार सफलता, ऑल इंडिया 59वीं रैंक से बक्सर का नाम रोशन

बक्सर शहर के कोइरपुरवा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक धीरेन्द्र प्रताप सिंह एवं सेवानिवृत्त शिक्षिका मंजूबाला के पुत्र शाश्वत प्रताप ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग सर्विस एग्जामिनेशन (ESE) में उत्कृष्ट सफलता हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। शाश्वत प्रताप का चयन इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलिकॉम इंजीनियरिंग विषय में हुआ है, जिसमें उन्होंने ऑल इंडिया 59वीं रैंक प्राप्त की है।

अपनी इस उपलब्धि पर शाश्वत प्रताप ने कठिन परिश्रम, अनुशासित अध्ययन और परिवार के निरंतर सहयोग को सफलता का आधार बताया। उन्होंने कहा कि यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा के लिए उन्होंने प्रतिदिन लगभग 8 से 10 घंटे नियमित अध्ययन किया। यूपीएससी ईएसई की मेंस परीक्षा अगस्त माह में हुई थी, जबकि अक्टूबर में साक्षात्कार आयोजित हुआ।

वर्तमान में शाश्वत प्रताप मुंबई में एयर इंडिया में कार्यरत हैं और नौकरी के साथ-साथ पूरी लगन व अनुशासन के साथ परीक्षा की तैयारी जारी रखी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय विशेष रूप से अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और प्रेरणा को दिया। साथ ही बड़ी बहन डॉ. रश्मि रानी एवं स्निग्धा से मिले निरंतर मार्गदर्शन और प्रोत्साहन को भी इस उपलब्धि का अहम कारण बताया।

शाश्वत प्रताप की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि पर बड़ी मां लीला सिंह, शांति देवी, विन्ध्याचली देवी, बड़े पापा योगेंद्र प्रताप सिंह, चाचा सतीश कुमार एवं चंद्रशेखर, बड़े भाई प्रभात कुमार, अलोक कुमार (पत्रकार), पुष्पेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार, डॉ. प्रवीन, डॉ. नवीन, रोहित कुमार, नितीश कुमार सहित अन्य परिजनों, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

स्थानीय लोगों और बुद्धिजीवियों ने शाश्वत प्रताप की इस सफलता को बक्सर के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया है। उनका कहना है कि शाश्वत की उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि कठिन परिश्रम, सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी बड़े लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। शाश्वत प्रताप की इस सफलता ने न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे बक्सर जिले को गौरवान्वित किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!