श्रीचन्द्र मंदिर परिसर में मां मुंडेश्वरी सेवा समिति ने किया कंबल वितरण


बक्सर। नगर के श्रीचन्द्र मंदिर परिसर में मां मुंडेश्वरी सेवा समिति के तत्वावधान में रविवार को कड़ाके की ठंड को देखते हुए कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सेवा कार्यक्रम के तहत सैकड़ों गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरित किए गए, जिससे ठंड से राहत मिली।
कंबल वितरण कार्यक्रम का नेतृत्व समिति संयोजक लक्ष्मी प्रसाद एवं सेवा समिति के सक्रिय सदस्य शशि कुमार सिन्हा ने किया। इस दौरान मंजेश केसरी, राम जी प्रसाद, रवि वर्मा, बबन जी, विनय कुमार केसरी, लक्ष्मण प्रसाद, रागिनी कुमारी और अर्चना कुमारी ने सक्रिय सहयोग करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में वृद्ध, महिलाएं और असहाय लोग मंदिर परिसर में पहुंचे, जिन्हें व्यवस्थित रूप से कतारबद्ध कर कंबल वितरित किए गए। समिति के सदस्यों ने यह सुनिश्चित किया कि अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचे और किसी को भी असुविधा न हो।
इस अवसर पर समिति संयोजक लक्ष्मी प्रसाद ने कहा कि मां मुंडेश्वरी सेवा समिति पिछले 25 वर्षों से निरंतर सामाजिक और धार्मिक सेवा कार्यों में सक्रिय है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष सावन माह में समिति जिले से हजारों श्रद्धालुओं को मां मुंडेश्वरी धाम दर्शन-पूजन के लिए ले जाती है, जहां देवी जागरण एवं भव्य भंडारे का आयोजन भी किया जाता है।
उन्होंने आगे कहा कि इसी सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कड़ाके की ठंड में गरीबों और असहायों के बीच कंबल वितरण का निर्णय लिया गया है। यह सेवा अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को राहत पहुंचाई जा सके।
कार्यक्रम के अंत में समिति सदस्यों ने मां मुंडेश्वरी से सभी के सुख-समृद्धि की कामना की और समाज के लोगों से ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी, जिससे पूरे परिसर में सेवा, करुणा और संवेदना का वातावरण बना रहा।



