Others

नववर्ष पर बक्सर प्रशासन अलर्ट, घाटों व पिकनिक स्थलों पर सघन गश्ती

बक्सर। नववर्ष 01 जनवरी के अवसर पर जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिले के सभी प्रमुख गंगा घाटों, पर्यटन व पिकनिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों तथा भीड़-भाड़ वाले इलाकों में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गई।


इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर श्री अविनाश कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर ने अन्य पदाधिकारियों के साथ जिले के प्रमुख गंगा घाटों व पिकनिक स्थलों पर भ्रमणशील गश्ती (पेट्रोलिंग) कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस बल को पूरी सतर्कता के साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

नववर्ष के मौके पर संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गईं। सभी प्रमुख घाटों व भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में दंडाधिकारी व पुलिस बल की तैनाती की गई। असामाजिक तत्वों एवं शराब के अवैध सेवन पर कड़ी नजर रखी गई, वहीं तेज रफ्तार, स्टंट व नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। छेड़छाड़, हुड़दंग एवं शांति भंग करने वालों पर त्वरित कानूनी कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों एवं मोबाइल पेट्रोलिंग के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) को अलर्ट मोड पर रखा गया।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नववर्ष का उत्सव शालीनता, संयम एवं कानून के दायरे में रहकर मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!