परसियाँ में पंडित दीनबंधु उपाध्याय की प्रथम पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि, कंबल वितरण व सांस्कृतिक कार्यक्रम


बक्सर।सदर प्रखंड के परसियाँ स्थित मनोकामना महादेव मंदिर प्रांगण में दीनबंधु कल्याण समिति के तत्वावधान में स्मृतिशेष पंडित शिक्षक दीनबंधु उपाध्याय की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर “अमर स्मृतियाँ: पिताजी को नमन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा नेत्री वर्षा पांडेय ने स्व. दीनबंधु उपाध्याय के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर पंडित आचार्य धर्मेंद्र पति तिवारी एवं गोवर्धनाचार्य द्वारा स्वस्तिवाचन किया गया, जिससे पूरा प्रांगण मंत्रमय हो उठा। शिक्षक उपाध्याय के पुत्र संजय उपाध्याय उर्फ मिट्ठु जी ने बताया कि यह आयोजन पिताजी की स्मृति में शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को जीवंत रखने का प्रयास है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. ए. के. सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए दीनबंधु जी की स्मृतियों को साझा किया। मुख्य अतिथि वर्षा पांडेय ने कहा कि आज़ादी के बाद भी जिला मुख्यालय से मात्र 6 किलोमीटर दूर परसियाँ गांव तक सड़क नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सड़क निर्माण के लिए सरकार और प्रशासन पर दबाव बनाकर आवाज़ बुलंद की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया गया। ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल के उप-प्रबंधक धर्मेंद्र पांडेय ने बच्चों की शिक्षा पर जोर देते हुए दीनबंधु जी की शिक्षकीय विरासत को याद किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोजपुरी गायक अशोक मिश्रा ने निर्गुण भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं का मन मोह लिया। उनके गीत “जोनिहया से दूर बा” पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।
इसके साथ ही परसियाँ प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन पंडित जी के बड़े भाई रामुदार उपाध्याय ने किया, जबकि संचालन धीरज पांडेय ने किया।
कार्यक्रम में अशोक उपाध्याय, वेद, रविंद्र, शारदानंद सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।



