थर्मल पावर प्लांट हादसे में मजदूर की मौत, सदर विधायक आनन्द मिश्र की पहल से पीड़ित परिवार को मिला न्याय व 32 लाख से अधिक की सहायता


बक्सर।काम के दौरान हुई एक हृदयविदारक दुर्घटना में जिले के निवासी एवं थर्मल पावर प्लांट में कार्यरत मजदूर राजकुमार की असामयिक मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान ऊपर से भारी बॉयलर गिरने से वह उसकी चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर विधायक माननीय आनन्द मिश्र ने पूरे मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया। उन्होंने तत्काल संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों एवं पावर प्लांट प्रबंधन से बातचीत कर पीड़ित परिवार को न्याय और सहायता दिलाने के लिए सक्रिय पहल की। विधायक के हस्तक्षेप और संवेदनशील प्रयासों के परिणामस्वरूप मृतक परिवार को त्वरित एवं ठोस राहत सुनिश्चित की गई।
माननीय विधायक आनन्द मिश्र के प्रयासों से यह निर्णय लिया गया कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाएगा। इसके तहत मृतक के बच्चे को 25 वर्ष की आयु तक ₹750 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जिससे उसकी शिक्षा और भविष्य सुरक्षित रह सके। वहीं मृतक की पत्नी को ₹2900 प्रतिमाह आजीवन मासिक पेंशन देने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

इसके अतिरिक्त EPFO एवं ESI नियमों के तहत करीब ₹16 लाख 20 हजार की राशि दी जाएगी। इस प्रकार सरकारी सहायता के रूप में कुल मिलाकर लगभग ₹32 लाख की आर्थिक मदद पीड़ित परिवार को प्राप्त होगी।
वहीं, पावर मेक कंपनी ने भी विधायक आनन्द मिश्र की पहल और दबाव के बाद बड़ा निर्णय लेते हुए मृतक मजदूर की पत्नी संगीता देवी को ₹11 लाख रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। इसमें से ₹1 लाख रुपये तत्काल अंतिम संस्कार के लिए प्रदान किए गए हैं, जबकि शेष ₹10 लाख रुपये 10 दिनों के भीतर डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से सीधे पत्नी के बैंक खाते में जमा किए जाएंगे।
इस पूरे प्रकरण में सदर विधायक माननीय आनन्द मिश्र की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और जनप्रतिनिधि के रूप में जिम्मेदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि वे आम जनता, विशेषकर मजदूर वर्ग के हितों के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उनके अथक प्रयासों से ही एक पीड़ित परिवार को समय रहते न्याय, सम्मान और आर्थिक संबल मिल सका।



