Others

बक्सर जिला फुटबॉल चैंपियनशिप 2026 का भव्य आगाज़, विजेता-उपविजेता कप का पटना में अनावरण

बक्सर | भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य, अद्भुत संगठनकर्ता एवं बिहार में भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ की स्थापना करने वाले श्रद्धेय कैलाशपति मिश्रा जी की पुण्य स्मृति में “श्रद्धेय कैलाशपति मिश्रा बक्सर जिला फुटबॉल चैंपियनशिप 2026” का आयोजन 28 जनवरी से किया जा रहा है। यह चैंपियनशिप भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ, बक्सर के तत्वावधान में आयोजित होगी।

चैंपियनशिप के विजेता एवं उपविजेता कप का अनावरण आज कैलाशपति मिश्रा सभागार, भाजपा प्रदेश कार्यालय, पटना में संपन्न हुआ। इस अवसर पर भाजपा के यशस्वी प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार सरकार के मंत्री श्री दिलीप जायसवाल, बिहार सरकार के मंत्री श्री प्रमोद चंद्रवंशी तथा मंत्री श्री लखविंदर पासवान ने अपने कर-कमलों से कप का अनावरण किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह बक्सर जिले के पुराना भोजपुर हाई स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा, जबकि समापन समारोह 31 जनवरी को किला मैदान, बक्सर में भव्य रूप से संपन्न होगा। यह जिला स्तरीय फुटबॉल चैंपियनशिप युवाओं को खेल के माध्यम से मंच प्रदान करने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

अनावरण समारोह के दौरान भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्री सतीश राजू श्रीवास्तव सहित प्रदेश क्रीड़ा प्रकोष्ठ की पूरी टीम, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री विंध्याचल पाठक, भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ बक्सर के संयोजक श्री दुर्गेश उपाध्याय ‘विद्रोही’, तथा बक्सर जिला टीम के पदाधिकारीगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने श्रद्धेय कैलाशपति मिश्रा जी के संगठनात्मक योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि यह चैंपियनशिप उनके आदर्शों को समर्पित है और इससे जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!