नगर पंचायत चौसा में सशक्त स्थाई समिति की बैठक, शहीद सुनील कुमार यादव के नाम पर बनेगा शहीद गेट


(बक्सर)। नगर पंचायत चौसा कार्यालय में सशक्त स्थाई समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक मुख्य पार्षद श्रीमती किरण देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी श्रीमती रानी कुमारी ने किया।
बैठक की शुरुआत ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए वीर सपूत सुनील कुमार यादव की शहादत को नमन करते हुए की गई। समिति द्वारा सर्वसम्मति से यादव मोड़ स्थित शहीद गेट का निर्माण नगर पंचायत कोष से कराए जाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही आगामी गणतंत्र दिवस समारोह 2026 की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में नगर पंचायत चौसा के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। नगर क्षेत्र के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को व्यापार अनुज्ञप्ति (ट्रेड लाइसेंस) निर्गत करने की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कर आम लोगों को जागरूक करने का निर्णय लिया गया।
मुख्य पार्षद श्रीमती किरण देवी ने बताया कि नगर पंचायत के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता के अनुसार स्ट्रीट लाइट, गर्मी को देखते हुए आमजनों के लिए वाटर कूलर, माननीय सदस्यों की अनुशंसा पर चापाकल, विभिन्न स्थानों पर यात्री शेड, सामुदायिक शेड, सीमेंटेड कुर्सी एवं आवश्यकता अनुसार हाई मास्ट लाइट लगाए जाने सहित अन्य विकास कार्यों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र के जर्जर नालों की मरम्मत, नियमित सफाई, स्लैब निर्माण तथा नाली-गली से संबंधित विभिन्न विकास योजनाओं को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में मुख्य पार्षद ने जानकारी दी कि नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा मार्च 2026 तक होल्डिंग टैक्स पर लगने वाली पेनल्टी एवं ब्याज को पूर्णतः माफ किया गया है। इस योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा आम नागरिकों को कार्यालय में आकर टैक्स जमा करने के लिए प्रेरित करने का भी निर्णय लिया गया।
इस बैठक में नगर पंचायत चौसा की उप मुख्य पार्षद श्रीमती सरिता देवी, सशक्त स्थाई समिति के सदस्य श्रीमती ललिता देवी, श्री आनंद कुमार रावत, सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी मोहम्मद अरशद हैदर नक़वी एवं प्रभारी प्रधान सहायक श्री सत्य प्रकाश सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



