भक्तिमय माहौल में बिहार सेंट्रल स्कूल में हुआ सरस्वती पूजन, बच्चों ने प्रस्तुत की वंदना


Piबक्सर।वसंत पंचमी के पावन अवसर पर शहर के बायपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल के प्रांगण में विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती का विधिवत पूजन एवं वंदन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया गया। इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना के मधुर समूह गान से हुई, जिसने सभी को भावविभोर कर दिया। इसके उपरांत विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से माँ सरस्वती की आराधना की। पूजा के बाद बच्चों द्वारा मंगला आरती प्रस्तुत की गई, जिससे वातावरण और अधिक आध्यात्मिक हो गया।

इस अवसर पर विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार स्वयं को सौभाग्यशाली मानता है कि उसे विद्या के मंदिर में विद्या की देवी माँ सरस्वती का पूजन-अर्चन करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि ज्ञान की प्राप्ति है तथा उसके परिमार्जन से ही एक सभ्य एवं सुसंस्कृत समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा दसवीं की छात्रा आस्था एवं रक्षा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि बल और धन से भी बढ़कर विद्या का महत्व होता है। विद्या स्वस्थ एवं सुंदर मस्तिष्क का निर्माण करती है, जो आगे चलकर एक सशक्त व्यक्ति और सशक्त समाज की नींव रखती है।
अंत में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं मंगल कामनाओं के साथ कार्यक्रम का शांतिपूर्ण समापन हुआ।



