बक्सर न्यू दिल्ली पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वाँ गणतंत्र दिवस


बक्सर।वीर कुंवर सिंह कॉलोनी स्थित न्यू दिल्ली पब्लिक स्कूल में 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक श्री सच्चिदानंद सिंह, सचिव श्रीमती अनीता सिंह, प्रधानाध्यापक राजीव सिंह एवं उप-प्रधानाध्यापिका निक्की सिंह द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और देशप्रेम की भावना प्रकट की।

तत्पश्चात मुख्य अतिथियों द्वारा सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया गया, जिसका समापन गणेश स्तुति के साथ हुआ। विद्यालय की शिक्षिका शिवानी द्वारा संस्कृत में प्रस्तुत की गई गणेश स्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर प्रबंधक श्री सच्चिदानंद सिंह ने अपने संबोधन में सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों को अपनाने और एक जिम्मेदार व जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा—
“आज का दिन उन महान स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करने का है, जिनके बलिदान से हमें स्वतंत्र और लोकतांत्रिक भारत प्राप्त हुआ।”
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। कक्षा पाँचवीं एवं छठी की छात्राओं ने ‘रंगीलो मारो ढोलना’, ‘जय हो’ और ‘देश रंगीला’ गीतों पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नर्सरी से कक्षा दसवीं तक के विद्यार्थियों ने अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कविता वाचन में नर्सरी के विराट, एल.के.जी. के आदित्य, कक्षा चौथी की पल्लवी, तथा कक्षा आठवीं की श्वेता और वैष्णवी की प्रस्तुतियाँ विशेष रूप से सराही गईं।
कार्यक्रम की प्रमुख आकर्षण कक्षा नौवीं एवं दसवीं के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत “स्वतंत्रता आंदोलन” और “कृष्ण की चेतावनी” नामक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक रहे। स्वतंत्रता आंदोलन नाटक में अजय (भगत सिंह), अभिषेक (सुखदेव), हर्षित (राजगुरु), रतन (लाला लाजपत राय) एवं हिमांशु (महात्मा गांधी) ने सशक्त अभिनय से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। संवाद उद्घोषणा निखत खातून की ओजस्वी वाणी ने नाटक को और प्रभावशाली बना दिया।

वहीं “कृष्ण की चेतावनी” नाटक के माध्यम से अहंकार के दमन और भाईचारे का संदेश दिया गया। कृष्ण, दुर्योधन, धृतराष्ट्र, शकुनी और भीष्म की भूमिकाओं में विद्यार्थियों ने शानदार अभिनय कर सभी को प्रभावित किया। इन प्रस्तुतियों को सफल बनाने में विद्यालय के समर्पित शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन रितेश सर ने किया, जबकि मंच उद्घोषणा की जिम्मेदारी विनोद सर एवं रीचिका मैम ने बखूबी निभाई।
कार्यक्रम के अंत में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता एवं सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाणपत्र, ट्रॉफी, स्मार्ट वॉच, ड्राइंग कीट, राइटिंग किट एवं अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने संविधान के महत्व, नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए सभी से देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का आह्वान किया।



