Others

कैंब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ‘स्पर्धा’ का आगाज, जोश और अनुशासन के साथ शुरू हुई दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता

बक्सर। कैंब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बक्सर के तत्वावधान में सोमवार को विद्यालय खेल मैदान में दो दिवसीय 16वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता “स्पर्धा” का भव्य आगाज हुआ।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, विद्यालय निदेशक डॉ. मोहन चौबे, निदेशक आप्टेक एवं स्मृति कॉलेज सह प्रांतीय सचिव क्रीड़ा भारती एवं उपाध्यक्ष भारतीय शिक्षण मंडल, दक्षिण बिहार प्रांत डॉ. रमेश कुमार, जिला अध्यक्ष बक्सर जिला प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन डॉ. प्रदीप पाठक, एक्जीक्यूटिव प्राचार्य, प्राचार्य, उप-प्राचार्य एवं उप-प्राचार्या द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इसके पूर्व आगत अतिथियों का स्वागत गुलदस्ता, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित करते हुए किया गया। तत्पश्चात विद्यालय निदेशक एवं पांचों हाउसों के प्रतिनिधि शिक्षकों द्वारा विद्यालय ध्वज एवं हाउस ध्वज फहराया गया। विद्यालय के पांचों हाउस—गांधी हाउस, रमन हाउस, टैगोर हाउस, तानसेन हाउस एवं विश्वामित्र हाउस के कैडेटों द्वारा आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत कर अतिथियों का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए विद्यालय निदेशक डॉ. मोहन चौबे ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया और विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा जिला एवं राज्य स्तर पर किए गए उत्कृष्ट खेल प्रदर्शनों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि खेल-कूद आज विद्यालयी जीवन का अनिवार्य हिस्सा बन चुका है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाता है।

मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने अपने संबोधन में कहा कि खेल-कूद न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि यह मानसिक मजबूती, अनुशासन, टीम भावना और जीवन मूल्यों के विकास में भी सहायक है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों के माध्यम से सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की अपील की।

खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत मुख्य अतिथि के समक्ष सीनियर ग्रुप (दीपिका दुमारी ग्रुप) के बालक एवं बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई।

बालक वर्ग में चुलबुल कुमार ने प्रथम, प्रिंस कुमार ने द्वितीय एवं रजनीकांत पाण्डेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं बालिका वर्ग में कृतिका राय प्रथम, नित्या कुमारी द्वितीय एवं सृष्टि कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का पहला दिन खेल भावना, उत्साह और अनुशासन के शानदार प्रदर्शन के साथ संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!