डीएम साहिला ने नगर परिषद बक्सर अंतर्गत विकास योजनाओं का किया निरीक्षण, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य के दिए निर्देश


बक्सर।मंगलवार को जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला द्वारा नगर परिषद बक्सर क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न विकास योजनाओं एवं प्रगति यात्रा में घोषित कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर, कनीय अभियंता भवन निर्माण निगम लिमिटेड सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
🔹 अटल कला भवन का निरीक्षण
आईटीआई मैदान में निर्माणाधीन 620 सीट क्षमता वाले अटल कला भवन का निरीक्षण किया गया। कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग ने जानकारी दी कि यह निर्माण कार्य कला, संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार सरकार द्वारा कराया जा रहा है, जिसे दिसंबर 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। डीएम ने आसपास साफ-सफाई कराने तथा योजना से संबंधित डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
🔹 स्टेडियम निर्माण को लेकर समीक्षा
आईटीआई मैदान में प्रस्तावित स्टेडियम निर्माण के संबंध में बताया गया कि निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कनीय अभियंता भवन निर्माण निगम लिमिटेड ने बताया कि विभाग स्तर से संशोधित नक्शा तैयार किया गया है, जिसके प्राप्त होते ही एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
🔹 सड़क चौड़ीकरण व नाला निर्माण पर जोर
पथ निर्माण विभाग द्वारा बताया गया कि 4.20 किलोमीटर लंबाई में सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। डीएम ने नाला निर्माण, चेकर टाइल्स, पेवर ब्लॉक, फुटपाथ और बिटुमिनस कार्यों को सड़क के लेवल के अनुरूप कराने का निर्देश दिया, ताकि वर्षा जल की निकासी सुचारु रूप से हो और जलजमाव की समस्या न उत्पन्न हो।
🔹 अतिक्रमण हटाने व सफाई के निर्देश
जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद को निर्देश दिया कि आईटीआई मैदान के आसपास अवैध एवं अस्थायी अतिक्रमण को एक सप्ताह के भीतर हटवाया जाए। साथ ही सड़कों, पेड़ों व होर्डिंग्स की नियमित सफाई तथा मैदान के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
🔹 वेंडिंग जोन व नो-पार्किंग व्यवस्था
डीएम ने गोलंबर के पास खाली भूमि पर वेंडिंग जोन निर्माण हेतु शीघ्र कार्रवाई करने तथा गोलंबर के आसपास चिन्हित स्थलों पर नो पार्किंग बैनर/फ्लैक्स लगाने के निर्देश दिए।
🔹 गोलंबर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि गोलंबर के आसपास अवैध व फुटपाथी दुकानों के कारण लगातार जाम की समस्या बनी रहती है। इस पर डीएम ने क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा गोलंबर पार्क को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
🔹 फ्लाईओवर व यातायात व्यवस्था
पथ निर्माण विभाग ने बताया कि वरुणा-बक्सर रेलवे फ्लाईओवर बस स्टैंड के समीप से गुजरेगा। फ्लाईओवर शुरू होने के बाद यातायात दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए बस स्टैंड के पास गोलंबर निर्माण की योजना है, जिससे यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया जा सकेगा।



