बक्सर पब्लिक स्कूल में शिक्षा, संस्कार और सफलता के मंत्र के साथ छात्रों को दी गई शुभकामनाएं


बक्सर।शहर के बाजार समिति रोड स्थित बक्सर पब्लिक स्कूल में दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा के विद्यार्थियों के सम्मान में भावनात्मक एवं भव्य फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, समाज सेवा, व्यवसाय और मीडिया जगत से जुड़े शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का माहौल उत्सवी होने के साथ-साथ भावनाओं से भी सराबोर रहा। विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए वक्ताओं ने परीक्षा में सफलता के लिए अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रीति सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जो बच्चे माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान नहीं करते, वे जीवन में भटक जाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्कार और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की सीख दी।
डॉ. शशांक शेखर ने कहा कि स्कूली जीवन के बाद मिलने वाली स्वतंत्रता का सही उपयोग जरूरी है। यदि छात्र अनुशासन छोड़ देते हैं और समय की बर्बादी करते हैं तो इसका असर उनके भविष्य पर पड़ता है।
प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. महेंद्र प्रसाद ने कहा कि यह जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण मोड़ है, इसलिए पूरी लगन और एकाग्रता से पढ़ाई करना आवश्यक है। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. तनवीर फरीदी ने भी विद्यार्थियों को आजादी के साथ अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी।
विद्यालय के निदेशक निर्मल कुमार सिंह ने छात्रों को मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि फेसबुक, रील्स और शॉर्ट वीडियो कंटेंट बच्चों की एकाग्रता और मानसिक क्षमता को प्रभावित कर रहे हैं, जिससे किताबों से दूरी बढ़ रही है।
कार्यक्रम में चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सत्यदेव प्रसाद, रेड क्रॉस के सचिव श्रवण तिवारी, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अजय मिश्रा, रेड क्रॉस सोसाइटी पटना के प्रदेश कोषाध्यक्ष दिनेश जायसवाल, व्यवसायी विश्वदेव प्रसाद, व्यावसायिक संघ के अध्यक्ष दिलीप वर्मा, प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ मृत्युंजय सिंह, दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ शुभ नारायण पाठक, समाजसेवी राकेश कुमार महतो, बिहार सेंट्रल स्कूल के सचिव सरोज कुमार सिंह, अजय मानसिंहका सहित कई अन्य गणमान्य लोगों ने अपने विचार रखे।
विदाई के क्षण भावुक रहे। शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों की आंखें नम हो गईं। कक्षा नौवीं के छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार की ओर से दसवीं के विद्यार्थियों को पेन, डायरी सहित कई उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
समारोह ने विद्यार्थियों के मन में आत्मविश्वास, प्रेरणा और नई ऊर्जा का संचार किया।



