Others

देशव्यापी हड़ताल के तहत बक्सर में ज्योति चौक जाम, 4 लेबर कोड रद्द करने की मांग

बक्सर केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर आयोजित देशव्यापी हड़ताल के तहत बुधवार को बक्सर जिला मुख्यालय स्थित ज्योति चौक पर विभिन्न वामपंथी दलों और मजदूर संगठनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने 4 लेबर कोड रद्द करने, मनरेगा की बहाली तथा भारत-अमेरिका डील को वापस लेने की मांग उठाई।

हड़ताल में भाकपा-माले, माकपा और भाकपा के जिला नेतृत्व के साथ पूर्व विधायक सह RYA के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह और पूर्व सांसद तेज नारायण सिंह भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों को मजदूर विरोधी बताते हुए अंधाधुंध निजीकरण पर रोक लगाने और ट्रेड यूनियनों के हड़ताल व संगठन बनाने के अधिकार को सुरक्षित रखने की मांग की।

सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि 29 श्रम कानूनों को समाप्त कर बनाए गए 4 लेबर कोड मजदूरों के अधिकारों को कमजोर करेंगे और उन्हें असुरक्षित स्थिति में धकेल देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि ये श्रम कोड श्रमिकों के हितों के खिलाफ हैं और देश के संविधान की भावना के विपरीत हैं।

करीब एक घंटे तक ज्योति चौक पर जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंचे नगर थाना प्रभारी ने जाम हटाने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। इस दौरान पुलिस और हड़तालकारियों के बीच नोंकझोंक व हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में पुलिस प्रशासन ने सभी हड़तालकारियों को गिरफ्तार करने की घोषणा की।

इसके बाद प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में मॉडल थाना पहुंचे और गिरफ्तारी दी। करीब दो घंटे तक उन्हें नगर थाना परिसर में रखा गया। इस दौरान जिले के विभिन्न गांवों से भी कार्यकर्ता समर्थन में पहुंचते रहे, जिससे थाना परिसर में भारी भीड़ जुट गई।

हड़ताल में भाकपा-माले के जिला सचिव सह केंद्रीय कमेटी सदस्य नवीन कुमार, माकपा जिला सचिव परमहंस सिंह, भाकपा नेता ज्योतिश्वर सिंह, खेग्रामस जिला अध्यक्ष कन्हैया पासवान, अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला सचिव रामदेव सिंह सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!