

बक्सर (बिहार): जिले के व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार दोपहर कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश मिलते ही न्यायिक कार्य तत्काल प्रभाव से रोक दिए गए और सुरक्षा कारणों से पूरे परिसर को खाली करा लिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सूचना मिलते ही वकील, कर्मचारी, मुवक्किल और आम लोग तेजी से कोर्ट परिसर से बाहर निकलते देखे गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।
14 व्यवहार न्यायालयों को उड़ाने की धमकी
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि पटना उच्च न्यायालय के ईमेल पर एक संदेश प्राप्त हुआ था, जिसमें शुक्रवार दोपहर बिहार के 14 व्यवहार न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।

सूचना मिलते ही जिला जज ने एसपी को अवगत कराया और बार संघ को भी जानकारी दी गई। इसके बाद कोर्ट परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
बार संघ ने की ‘नो वर्क’ की घोषणा
घटना के बाद बार संघ के महासचिव बिंदेश्वरी पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय ने एहतियातन ‘नो वर्क’ की घोषणा की। सभी अधिवक्ताओं से सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए न्यायिक कार्य से विरत रहने का अनुरोध किया गया।
पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
नगर थाना पुलिस और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और माइक के माध्यम से लोगों से कोर्ट परिसर खाली करने की अपील की।

एसपी शुभम आर्य ने बताया कि ईमेल के जरिए बक्सर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
सघन तलाशी और साइबर जांच शुरू
पुलिस ने कोर्ट के कमरों, गलियारों और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की। किसी भी संदिग्ध वस्तु या खतरे को समय रहते निष्क्रिय करने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई।
साथ ही साइबर पुलिस टीम को सक्रिय कर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि धमकी भरा ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषियों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में बढ़ाई गई सुरक्षा
एहतियातन कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना के बाद शहर में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
फिलहाल जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन पड़ताल कर रही हैं।



