

बक्सर (बिहार): बक्सर के कैम्ब्रीज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा Joint Entrance Examination – Main 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, अभिभावकों एवं जिले का नाम रोशन किया है। विद्यालय के सात छात्रों ने शानदार परसेंटाइल प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आशीष कुमार सिंह ने 99.28 परसेंटाइल, रियार्थ रचित ने 99.16 परसेंटाइल, चंद्र प्रकाश राय ने 99.07 परसेंटाइल, आदर्श उपाध्याय ने 98.62 परसेंटाइल, अंश कुमार त्रिपाठी एवं आर्यन कुमार सिंह ने 97.81-97.81 परसेंटाइल तथा चन्द्रहास कुमार ने 94.52 परसेंटाइल अंक प्राप्त किए।
ज्ञात हो कि National Testing Agency द्वारा आयोजित यह परीक्षा देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे Indian Institutes of Technology एवं National Institutes of Technology सहित अन्य राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। इस वर्ष भी विद्यालय के छात्रों ने उत्कृष्ट परिणाम देकर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता सिद्ध की है।

छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय निदेशक डॉ. मोहन चौबे ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ये छात्र विद्यालय के चमकते सितारे हैं और भविष्य में नई ऊँचाइयाँ हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है।
विद्यालय के एक्जीक्यूटिव प्राचार्य बी.एस. राव, प्राचार्य, उप-प्राचार्य एवं समस्त शिक्षकों ने भी छात्रों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके समर्पण, लगन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। साथ ही यह सफलता अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।



