

बक्सर। मानवता को शर्मसार करने वाली घटना के बीच रेल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ऐसे जालसाज को गिरफ्तार किया है, जिसने लकवाग्रस्त दिव्यांग व्यक्ति को अपना निशाना बनाया था। जीआरपी थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गुप्तचरों की सटीक सूचना के आधार पर आरोपी को चोरी के सामान के साथ रंगे हाथों दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय सूरज कुमार, पिता चंद्र भूषण दास, निवासी शांति नगर (बक्सर) के रूप में हुई है।
दिव्यांग की मजबूरी का उठाया फायदा
इस संबंध में जीआरपी थानाध्यक्ष विकाश कुमार ने बताया कि रविवार को भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कनैली निवासी दिनेश पांडेय की पत्नी रेशु देवी ने रेल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में बताया गया कि पैरालिसिस के कारण शारीरिक रूप से लाचार उनके पति रेलवे स्टेशन परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान एक अज्ञात शातिर ने झांसा देकर उनके पास रखे 2,500 रुपये नकद और मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गया।
पांच घंटे के भीतर दबोचा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल थानाध्यक्ष तुरंत एक्शन में आ गए। शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर स्टेशन परिसर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की गई।
जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई तथा तकनीकी विश्लेषण के बाद महज पांच घंटे के भीतर आरोपी को स्टेशन परिसर से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 2,500 रुपये नकद और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया, जो दिव्यांग से छीना गया था।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।



