ग्लोबल विजडम स्कूल के मंच पर दिखी ‘जिज्ञासा’ की झलक, बच्चों ने दी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति


बक्सर। नगर भवन स्थित Global Wisdom School (नियर रेलवे क्रॉसिंग, इटाढ़ी) द्वारा मंगलवार को 8वां वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘जिज्ञासा’ रखी गई, जिसने पूरे कार्यक्रम को ज्ञान, रचनात्मकता और नवाचार की भावना से जोड़ दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम अविनाश कुमार, डीएसपी गौरव पाण्डेय, रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. श्रवण तिवारी, लाइफ कोच एवं Art of Living Foundation की शिक्षिका श्रीमती वर्षा पाण्डेय, विद्यालय के निदेशक प्रकाश पाण्डेय, उप निदेशक अमित पाण्डेय तथा प्रधानाचार्या निशा राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

निदेशक प्रकाश पाण्डेय ने मुख्य अतिथियों को शॉल व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। साथ ही सेवानिवृत्त शिक्षक हरिश्चंद्र पाठक, टाउन थाना इंस्पेक्टर मनोज सिंह एवं मीडिया प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘जिज्ञासा’ स्वागत गीत से हुई। निदेशक प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि जिज्ञासा ही वह शक्ति है, जो बच्चों को ‘क्यों’ और ‘कैसे’ पूछने के लिए प्रेरित करती है। उप निदेशक अमित पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा, “ज्ञान प्राप्त करने की उत्सुकता और जिज्ञासा से आपकी योग्यता अधिक सुदृढ़ बनती है।”

मुख्य अतिथि एसडीएम अविनाश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों में मानवता और संस्कार का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को केवल पढ़ाई तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें सामाजिक मूल्यों की समझ भी दें। डीएसपी गौरव पाण्डेय और डॉ. श्रवण तिवारी ने भी बच्चों को प्रोत्साहित किया।
लाइफ कोच श्रीमती वर्षा पाण्डेय ने कहा कि आज दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ओर बढ़ रही है। बच्चों को परीक्षा को बोझ नहीं, बल्कि अपनी मेहनत और क्षमता को प्रमाणित करने का अवसर समझना चाहिए।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नव दुर्गा नाटक, मां पर नृत्य, बॉर्डर-2 ड्रामा, बिहार सभ्यता प्रस्तुति, भारतीय महिला वर्ल्ड कप नाट्य मंचन, भगवान शिव पर नृत्य, गणेश वंदना, हनुमान चालीसा डांस, कव्वाली, महाभारत नृत्य तथा आर्मी थीम पर नृत्य सहित कई आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों ने आधुनिक रोबोट ड्रामा के माध्यम से विज्ञान और नवाचार का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में भोजन व मिष्ठान के साथ समारोह का समापन हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने आयोजन की सफलता का श्रेय शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों को दिया।



