EntertainmentOthers

न्यू दिल्ली पब्लिक स्कूल, बक्सर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर क्विज, पेंटिंग व रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन

बक्सर। वीर कुंवर सिंह कॉलोनी स्थित न्यू दिल्ली पब्लिक स्कूल बक्सर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम सादगीपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय के सीनियर एवं जूनियर विंग के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

भारत के प्रख्यात वैज्ञानिक एवं नोबेल पुरस्कार विजेता सी. वी. रामन द्वारा खोजे गए ‘रामन प्रभाव’ की स्मृति में प्रतिवर्ष 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में विद्यालय में प्रार्थना सभा के बाद विज्ञान विषय पर आधारित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने विज्ञान से संबंधित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी जानकारी और तर्क क्षमता का परिचय दिया।


इस अवसर पर पेंटिंग एवं रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं होली विषय पर आधारित चित्रों और रंगोली के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रस्तुत की। बेस्ट ड्राइंग प्रतियोगिता में सृष्टि कुमारी, सलोनी कुमारी, अमन कुमार, जानवी कुमारी, यशवर्धन, पल्लवी, नित्या, ऋषिका, आराध्या एवं अनिरुद्ध को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वहीं अन्य प्रतिभागियों को भी उनके प्रयास और उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए पुरस्कृत किया गया।


रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं एवं दसवीं के विद्यार्थियों ने विज्ञान दिवस एवं होली की थीम पर आकर्षक रंगोली बनाई, जिसकी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सराहना की।

प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप पुस्तकें, पेन, पेंसिल एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई। इस अवसर पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया।


विद्यालय के निदेशक सच्चिदानंद सिंह ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपलब्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं चरित्र निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।


प्राचार्य राजीव सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में ज्ञानवर्धन के साथ-साथ सहयोग, अनुशासन और रचनात्मकता की भावना को विकसित करते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!