बक्सर में चैती छठ, महावीर पूजा और ईद को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

बक्सर: अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर के कार्यालय कक्ष में मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में आगामी चैती छठ, महावीर पूजा एवं ईद को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना और सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना था।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर, जिले के सभी थानाध्यक्ष, प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर तथा शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान सभी अधिकारियों एवं सदस्यों के साथ विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में त्योहारों के अवसर पर यातायात प्रबंधन, महावीर पूजा के जुलूस के मार्ग का निर्धारण, डीजे बजाने पर रोक तथा ईद के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने जैसे विषयों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में डीजे संचालकों को डीजे बजाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि महावीर पूजा के अवसर पर निकलने वाले जुलूस के आयोजन, जुलूस के मार्ग, जुलूस में शामिल होने वाले लोगों की संख्या आदि से संबंधित पूरी जानकारी जल्द से जल्द अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर को उपलब्ध कराएं।
प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि सभी पर्व-त्योहार आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनी रहे।




