Others

बक्सर में धूमधाम से मनाई गई ईद, गले मिलकर दी मुबारकबाद

बक्सर जिले में ईद का त्योहार इस वर्ष पूरे हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। मुस्लिम समाज के लोगों ने सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में पहुंचकर विशेष नमाज अदा की और अमन-चैन की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

एक महीने की इबादत के बाद ईद के मौके पर शहर की सभी मस्जिदों में सुबह से ही रौनक देखने को मिली। नगर के मेन रोड स्थित बड़ी मस्जिद सहित कचहरी मस्जिद, मुसाफिरगंज, गजाधरगंज, सोमेश्वर स्थान चरित्रवन, कर्बला मस्जिद सेंट्रल जेल, शाही मस्जिद सराय फाटक, नूरी मस्जिद सोहनीपट्टी, जुल्फजल मस्जिद खलासी मोहल्ला, नई बाजार रेहलवाली मस्जिद, मस्जिद नालबंद टोली, सिविल लाइन, दर्जी मुहल्ला, मदीना मस्जिद खलासी मोहल्ला तथा दूध पोखरी कब्रिस्तान कोइरपुरवा में निर्धारित समय पर नमाज अदा की गई।

ईद को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी मस्जिद समेत सभी प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों के पास प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल तैनात रहे। ईद और नवरात्रि को देखते हुए जिलेभर में विशेष सतर्कता बरती गई।

नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने अपनी हैसियत के अनुसार गरीबों को दान दिया। मस्जिदों में इमामों ने अपने संदेश में कहा कि रमजान का महीना इंसानियत, सब्र और भाईचारे का प्रतीक है और ईद का त्योहार इसी खुशी को साझा करने का दिन है।

ईद के मौके पर शहर में मेला जैसा माहौल देखने को मिला। बच्चे खिलौने और खाने-पीने की चीजें खरीदने को उत्साहित नजर आए। वहीं सभी धर्म समुदाय के लोग एक-दूसरे के घर पहुंचकर गले मिले और ईद की बधाई दी। सेवईं और अन्य लजीज व्यंजनों का लोगों ने जमकर आनंद लिया।

ईद की बधाई देने के लिए कई जनप्रतिनिधि भी विभिन्न मस्जिदों में पहुंचे। इस दौरान सुधाकर सिंह, रेडक्रास सचिव डॉ. श्रवण तिवारी, सुरेश संगम, एयाज अहमद, मनोज पांडेय, डॉ. निसार अहमद समेत कई लोगों ने बड़ी मस्जिद सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।
देर शाम तक एक-दूसरे के घर जाकर बधाई देने का सिलसिला जारी रहा और पूरे जिले में भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!