
बक्सर जिले के चौसा-कोचस मुख्य पथ पर सरेंजा मोड़ के समीप पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एंबुलेंस से 452 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। जब्त शराब की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पटना जिला के नौबतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सदीसोपुर गांव निवासी मोनू कुमार (पिता- रामविलास प्रसाद) के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस उत्तर प्रदेश से बिहार में प्रवेश कर पटना की ओर जा रही थी।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष निवास कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सरेंजा मोड़ के पास वाहन की जांच शुरू की। गहन तलाशी के दौरान एंबुलेंस की डिक्की से विभिन्न पेटियों में छिपाकर रखी गई डार्क ब्लू, रॉयल स्टोर, 8 पीएम सहित कई महंगी विदेशी शराब बरामद की गई। इसके बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शराब को जब्त कर लिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आगामी रामनवमी पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश से सटे इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा गांव-गांव में चौकीदारों को भी सतर्क किया गया है।




