
बक्सर:चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान की जयंती के अवसर पर कुशवाहा महासंघ के तत्वावधान में शहर में भव्य जुलूस एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा पिप्पली बुद्ध विहार स्थित गौतम बुद्ध की प्रतिमा से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः वहीं पहुंचकर एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गई।
शोभायात्रा में सबसे आगे घोड़ों का आकर्षक काफिला रहा, जिसके पीछे हजारों की संख्या में पैदल श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद बाइक सवारों का लंबा काफिला और दर्जनों रथों पर सम्राट अशोक की तस्वीरों के साथ श्रद्धालु शामिल थे। पूरे जुलूस के दौरान “विश्व विजेता सम्राट अशोक” के गगनभेदी नारे गूंजते रहे, जिससे पूरा शहर अशोकमय हो गया।
यह शोभायात्रा शहर के रेलवे स्टेशन, ज्योति प्रकाश चौक, मॉडल थाना, पिपरपाती रोड, अस्पताल रोड, मेन रोड, यमुना चौक, पुलिस चौकी, कॉलेज गेट और जेल पाइन रोड जैसे प्रमुख स्थानों से होकर गुजरी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान अभिमन्यु सिंह कुशवाहा ने सम्राट अशोक के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में समाज में बढ़ते भेदभाव के बीच उनके विचार अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि अशोक का जीवन हमें करुणा, अहिंसा और एकता का संदेश देता है। सम्राट अशोक ने युद्ध की विभीषिका को समझते हुए अहिंसा और धर्म का मार्ग अपनाया और विश्व को शांति का संदेश दिया।
इस शोभायात्रा का मुख्य उद्देश्य सम्राट अशोक के त्याग, बलिदान और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना था, ताकि आने वाली पीढ़ियां देश के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा ले सकें।
इस आयोजन को सफल बनाने में मीडिया प्रभारी दीपक मौर्य, रवि मौर्य, संतोष कुशवाहा, बबन कुशवाहा, अजय मुखिया, हीरा सिंह कुशवाहा, संजय कुशवाहा, रंजीत कुशवाहा, मुन्ना कुशवाहा, जयप्रकाश सिंह, राहुल मौर्य, अविनाश मौर्य, जेपी कुशवाहा, पंजाबी कुशवाहा, वीर बहादुर सिंह, पुष्पेंद्र कुशवाहा, सुनील कुशवाहा, मुखिया कुशवाहा, दिनानाथ ठाकुर, सोनू कुशवाहा, मोनू कुशवाहा, विनोद कुमार सिंह, गौरी कुशवाहा और विद्यासागर सिंह सहित कई लोगों का सराहनीय योगदान रहा।
इस भव्य आयोजन ने पूरे शहर में सामाजिक एकता, भाईचारे और अहिंसा का सशक्त संदेश प्रसारित किया।




