
बक्सर शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में बुधवार को सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर वर्ग प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान अपने-अपने वर्ग में उत्तीर्ण हुए बच्चों का नए कक्षा में पारंपरिक और उत्साहपूर्ण तरीके से स्वागत किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के सचिव सरोज कुमार सिंह के प्रेरणादायक संबोधन से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के महत्वपूर्ण टिप्स देते हुए कहा कि अनुशासन, नियमित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का पालन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के सैकड़ों छात्र आज डॉक्टर, इंजीनियर और विभिन्न क्षेत्रों में अधिकारी बनकर देश की सेवा कर रहे हैं, जो संस्थान की गुणवत्ता को दर्शाता है।

उन्होंने यह भी कहा कि हर वर्ष नए सत्र के आरंभ पर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया जाता है, जिससे उनमें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होता है।
इस अवसर पर बच्चों का माल्यार्पण कर, रोली का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। नए कक्षा में प्रवेश से पूर्व सभी विद्यार्थियों ने माता सरस्वती की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया, जिससे पूरे वातावरण में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला।
विद्यालय के उप-प्राचार्य विनय कुमार तिवारी ने कहा कि स्कूल में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और नैतिक मूल्यों की भी शिक्षा दी जाती है, जिससे उनका समग्र विकास सुनिश्चित होता है। वहीं शिक्षिका मधु सिन्हा ने अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय को आवश्यक बताते हुए कहा कि इसी तालमेल के कारण विद्यालय के छात्र हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकगण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने नए सत्र के प्रति बच्चों में उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया, जो आने वाले शैक्षणिक वर्ष के लिए एक शुभ संकेत माना जा रहा है।




