
बक्सर जिले के सिकटौना ग्राम स्थित श्रीधराचार्य वेद कर्मी गुरुकुलम के प्रांगण में गुरुवार को विश्वामित्र सेना के तत्वावधान में भव्य निशुल्क सामूहिक यज्ञोपवीत (जनेऊ) संस्कार का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकों एवं बच्चों ने भाग लेकर सनातन परंपरा के इस महत्वपूर्ण संस्कार को विधि-विधान के साथ संपन्न कराया। रंगनाथ द्विवेदी के मार्गदर्शन एवं आचार्य बनारसी दुबे के नेतृत्व में कुल 51 बटुकों का उपनयन संस्कार मुख्य अतिथि राजकुमार चौबे की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं एवं उपस्थित लोगों के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई।
इस मौके पर राजकुमार चौबे ने कहा कि सनातन धर्म के उत्थान और परंपराओं के संरक्षण के लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि यज्ञोपवीत संस्कार केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, ज्ञान और संस्कारों की नींव है। विश्वामित्र सेना समाज को जागरूक करने के लिए लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव अशोक कुमार उपाध्याय, मोहित बाबा, गोवर्धन चौबे, अर्जुन तिवारी, ओम जी यादव, गुड्डू पांडेय, डॉ. लोकनाथ द्विवेदी, पंकज पांडेय, बबन तिवारी, जय कुमार तिवारी एवं विद्यासागर दुबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




