OthersPolitics

बक्सर में दिशा समिति की बैठक: विधायक संतोष निराला ने उठाए विकास के बड़े मुद्दे

सड़क, पुल, स्वास्थ्य और जल योजनाओं पर जोर, अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

बक्सर समाहरणालय सभागार में विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बक्सर के माननीय सांसद सुधाकर सिंह ने की। इस दौरान जिला प्रशासन के सभी वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे और विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में राजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक संतोष कुमार निराला ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों को मजबूती से उठाया। उन्होंने विकास कार्यों में आ रही बाधाओं और जनसमस्याओं को विस्तार से रखा।

विधायक द्वारा उठाए गए प्रमुख मुद्दों में जलहरा-मानिकपुर रोड पर भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने के लिए बैरियर लगाने की मांग शामिल रही। इसके अलावा इंदौर पंचायत में पंचायत सरकार भवन निर्माण, सोन नहर पर नारायणपुर पुल के चौड़ीकरण, तथा गंगा पम्प नहर (चौसा-करहंसी) पर सड़क पुल निर्माण की मांग भी प्रमुख रही।

इसके साथ ही खीरी-राजपुर-मानी मार्ग पर अधूरे पड़े पुल निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने, धनसोई स्वास्थ्य केन्द्र में बंद पड़ी महिला प्रसव सेवा को पुनः चालू करने और क्षेत्र में चल रही जल-नल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया।

विधायक संतोष कुमार निराला ने इन सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने और शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!